विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, विश्व पृथ्वी दिवस पर जेएनवी ओढ़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 
विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, विश्व पृथ्वी दिवस पर जेएनवी ओढ़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सिरसा, 22 अप्रैल। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा, उप-प्राचार्य नवीन लांबा, समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और पृथ्वी को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

प्राचार्य ललित कालड़ा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता से सोचने और व्यावहारिक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यदि समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं जैसे प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करना, घर और विद्यालय में कचरे को अलग-अलग करना, अनावश्यक बिजली और पानी की बर्बादी को रोकना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाना। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी यदि अपने स्तर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो यह एक बड़े अभियान का रूप ले सकता है।

विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, विश्व पृथ्वी दिवस पर जेएनवी ओढ़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इसके पश्चात कक्षा सात के छात्र इंद्रजीत ने पर्यावरण जागरूकता विषय पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया। वहीं छात्रा भूमिका ने विश्व पृथ्वी दिवस के महत्व पर भाषण के माध्यम से सभी को जागरूक किया। इस दौरान मास्टर ऑन ड्यूटी जूली झा (टीजीटी विज्ञान) ने भी अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्लास्टिक के कम उपयोग, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।