करियर चयन से पहले रुचि और योग्यता को समझें विद्यार्थी : सहायक रोजगार अधिकारी रितु जांगड़ा

 
 करियर चयन से पहले रुचि और योग्यता को समझें विद्यार्थी : सहायक रोजगार अधिकारी रितु जांगड़ा

हिसार, 24 जुलाई।
मंडल रोजगार कार्यालय की ओर से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव गंगवा में विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। सहायक रोजगार अधिकारी कुमारी रितु जांगड़ा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर से जुड़े विभिन्न विकल्पों, रोजगार के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इसमें 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर करियर का चुनाव केवल दूसरों की सलाह पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को ध्यान में रखकर करना चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा, तकनीकी संस्थानों, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा सरकारी और निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। सहायक रोजगार अधिकारी ने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। इसके साथ ही विभिन्न रोजगार योजनाओं और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी उपयोगी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने करियर और रोजगार से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया।