विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम तथा साइबर क्राइम से बचाव पर किया जागरूक
सिरसा, 19 जुलाई।
बाल कल्याण समिति सिरसा द्वारा ऐलनाबाद ब्लॉक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कर्मशाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिठनपुरा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेहनाखेड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। समिति के अध्यक्ष डॉ. मदनलाल तथा सदस्यों अनिल कुमार, भावना शर्मा और निधि मेहता ने कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम, मोबाइल फोन के दुरुपयोग, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और नशे के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को कानून संबंधी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर किए गए सवालों का सदस्यों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जीवनोपयोगी जानकारी उनके लिए बेहद उपयोगी है और वे इसे अपने दैनिक जीवन के साथ-साथ परिवार एवं समाज तक भी पहुंचाएंगे। इस दौरान तीनों विद्यालयों के प्राचार्य एवं अध्यापकगण ने बाल कल्याण समिति तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में पहुँचकर विद्यार्थियों को जागरूक करने का जो प्रयास किया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी कानूनी, सामाजिक एवं नैतिक विषयों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
