टूटे या ढीले बिजली तारों से दूर रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं; बिजली संबंधी समस्या की सूचना तुरंत 1912 या 1800-180-4334 पर दें
बारिश के मौसम में बिजली हादसों से बचाव को लेकर डीएचबीवीएन की विशेष अपील
-
- संभावित विद्युत खतरे की सूचना व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर दें : विक्रम सिंह
फरीदाबाद, 7 अगस्त।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार बारिश के मौसम में बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने उपभोक्ताओं एवं आमजन से विशेष सावधानी बरतने और विद्युत लाइनों एवं उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
डीएचबीवीएन एवं यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा है कि बिजली की लाइनें और विद्युत उपकरण अत्यंत संवेदनशील होते हैं तथा थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान बिजली के तारों, खंभों, ट्रांसफार्मरों और मीटर बॉक्स के आसपास विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है। साथ ही, किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या अथवा संभावित खतरे की सूचना तत्काल बिजली निगम को देने की अपील की गई है।
टूटे या झुके तारों से रहें दूर
बिजली निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ हो या ढीला होकर लटक रहा हो, तो उसके पास बिल्कुल न जाएं और न ही उसे छड़ी, डंडे या किसी अन्य वस्तु से हटाने का प्रयास करें। बारिश के कारण जमीन गीली होने पर विद्युत करंट फैलने का खतरा और अधिक बढ़ सकता है। निगम ने पेड़ों, बिजली के खंभों और बिजली की लाइनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। विशेष रूप से तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों की शाखाओं के बिजली की लाइनों पर गिरने की संभावना रहती है।
जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें
बारिश के दौरान जिन स्थानों पर पानी भर गया हो, वहां बिजली के खंभों, तारों अथवा अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास जाने से बचना चाहिए। निगम ने लोगों से पानी से भरे स्थानों, गीले फर्श तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। इसी प्रकार, बारिश के दौरान बिजली के खंभों, मीटर बॉक्स अथवा ट्रांसफार्मर को छूने से भी बचना चाहिए।
बिजली के खंभों पर चढ़ना सख्त मना
डीएचबीवीएन ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिजली के खंभों या टावरों पर चढ़ना अत्यंत खतरनाक है। किसी भी परिस्थिति में विद्युत पोल अथवा तारों के संपर्क में आने का प्रयास न करें। बिजली की लाइनों के आसपास पतंग उड़ाते समय भी पर्याप्त दूरी बनाए रखें, क्योंकि पतंग की डोर बिजली के तारों के संपर्क में आने पर जानलेवा दुर्घटना हो सकती है।
निर्माण कार्यों में भी बरतें विशेष सावधानी
निर्माण कार्यों के दौरान बिजली की लाइनों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा दूरी बनाए रखना आवश्यक है। निगम ने निर्माण एजेंसियों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि मशीनरी, क्रेन, जेसीबी अथवा अन्य उपकरणों का इस्तेमाल बिजली की लाइनों के नजदीक अत्यंत सावधानी से करें, ताकि विद्युत लाइनों से संपर्क की संभावना न बने।
बिजली संबंधी समस्या की तुरंत दें सूचना
डीएचबीवीएन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं बिजली का तार टूटने, पोल क्षतिग्रस्त होने, ट्रांसफार्मर से संबंधित खतरे, जलभराव के कारण विद्युत सुरक्षा संबंधी समस्या अथवा किसी अन्य विद्युत दुर्घटना की आशंका दिखाई दे तो स्वयं समस्या को ठीक करने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तत्काल बिजली निगम को दें, ताकि संबंधित टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि बिजली संबंधी आपातकालीन सहायता एवं शिकायत के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर 1912 तथा 1800-180-4334 पर संपर्क किया जा सकता है। संभावित विद्युत खतरे की सूचना. फोटो, वीडियो, गूगल लोकेशन अथवा निकटतम लैंडमार्क सहित व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर दे सकते हैं।
सुरक्षा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सावधानी अपनाएं, दुर्घटना टालें और जीवन बचाएं। स्वयं सावधान रहें, सुरक्षित रहें और खुशहाल रहें। बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सतर्कता स्वयं के साथ-साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी बिजली हादसों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
निगम ने सभी उपभोक्ताओं से बिजली सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने, दूसरों को भी जागरूक करने तथा किसी भी संभावित खतरे की सूचना तुरंत बिजली निगम को देने का आग्रह किया है।
