अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च 2027 को दिए जाएंगे राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार :- उपायुक्त सतबीर सिंह
रोहतक, 21 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए राज्य स्तरीय महिला पुरस्कारों हेतु ऑनलाइन https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gauravij परआवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र एवं इच्छुक महिलाएं अपने संपूर्ण बायोडाटा तथा समाज एवं संबंधित क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के विस्तृत विवरण सहित 5 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
सतबीर सिंह ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित करना अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा। उन्होंने पात्र महिलाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आह्वान किया।
पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार है:
श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार: एक पुरस्कार, 5 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार: एक पुरस्कार, 1.50 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार: एक पुरस्कार, 1 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार: एक पुरस्कार, 1 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड: एक पुरस्कार, 51 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
सरकारी कर्मचारी श्रेणी: चार पुरस्कार, प्रत्येक को 21 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
सामाजिक कार्यकर्ता श्रेणी: चार पुरस्कार, प्रत्येक को 21 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
महिला उद्यमी श्रेणी: दो पुरस्कार, प्रत्येक को 21 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि आवेदन करने वाली महिलाओं के पास परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ विधिवत हस्ताक्षरित शपथ-पत्र भी जमा करवाना होगा। शपथ-पत्र में यह घोषणा करनी होगी कि संबंधित संस्था के विरुद्ध किसी भी मंच, विभाग अथवा न्यायालय में कोई प्रतिकूल मामला लंबित नहीं है। इसके अतिरिक्त यह भी स्पष्ट करना होगा कि भविष्य में आवेदन में दी गई जानकारी गलत पाए जाने अथवा किसी प्रकार की अनियमितता सिद्ध होने पर पुरस्कार राशि एवं उससे संबंधित मौद्रिक लाभ सरकार को वापस करने होंगे।
सतबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी तथा किसी भी प्रकार का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। पात्र महिलाएं महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि पुरस्कारों से संबंधित आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, रोहतक के कार्यालय, कमरा नंबर 04, जिला विकास भवन में संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने पात्र महिलाओं से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने आवेदन जमा करवाएं।
