बाढ़ प्रभावित मात्रश्याम से शाहपुर तथा न्योली कलां से मात्रश्याम सड़क की होगी विशेष मरम्मत : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
हिसार, 15 जुलाई।
लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित दो महत्त्वपूर्ण सडक़ों की विशेष मरम्मत को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इन कार्यों पर लगभग 2 करोड़ 34 लाख 43 हजार रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। स्वीकृत परियोजनाओं के तहत मात्रश्याम से शाहपुर सडक़ की विशेष मरम्मत के लिए 1 करोड़ 85 लाख 63 हजार रुपये तथा न्योली कलां से मात्रश्याम सडक़ की विशेष मरम्मत के लिए 48 लाख 80 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है।
इन कार्यों के लिए सड़क अनुरक्षण नीति के तहत नवीनीकरण अवधि में पांच वर्ष की छूट प्रदान करने तथा पीएमजीएसवाई मानकों के अनुसार डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड की समयपूर्व समाप्ति की अनुमति भी दी गई है, ताकि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जा सके। लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव को विभागीय स्तर पर अनुमोदन के बाद मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन सडक़ों की विशेष मरम्मत से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं अन्य यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
