सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में श्री शिव मंदिर सीसवाल धाम में होगा विशेष कार्यक्रम
उपायुक्त महेंद्र पाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में नलवा विधायक रणधीर पनिहार तथा हिसार विधायक सावित्री जिंदल की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, भारत की सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
उपायुक्त ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की आस्था, आत्मगौरव और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को देश की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान के इस पर्व का हिस्सा बनें। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आमजन की भागीदारी भी रहेगी।
