झज्जर लघु सचिवालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित*
*झज्जर, 27 जुलाई।* जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर-2026 अभियान के अंतर्गत निर्वाचन अधिकारियों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में आयोग द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, नोटिस जारी करने, सुनवाई प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन तथा ईसीआईनेट पोर्टल पर की जाने वाली ऑनलाइन कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
*त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला*
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए अधिकारियों को नवीन दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है।
*अधिकारी निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ करें कार्य*
डीसी ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं उत्तरदायित्वपूर्ण दायित्व है। इसमें कार्यरत प्रत्येक अधिकारी को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को नवीन प्रावधानों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा डिजिटल मॉड्यूल से भली-भांति अवगत कराना है ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न हो सके।
*भारत निर्वाचन आयोग के हर दिशा-निर्देशों की हो पालना*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्येक दिशा-निर्देश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि जिला झज्जर की मतदाता सूची पूरी तरह अपडेट, शुद्ध एवं विश्वसनीय बन सके।
*एसआईआर अभियान 2026 के अनुरूप कार्य करें अधिकारी*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए निर्वाचन आयोग की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगे तथा जिला में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाएंगे।
प्रशिक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) प्रत्येक मामले में उपलब्ध दस्तावेजों, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की रिपोर्ट तथा आवश्यक जांच के आधार पर ही अंतिम निर्णय लेंगे। किसी भी आवेदन को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने की स्थिति में उसके स्पष्ट कारण दर्ज किए जाएंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
*डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विशेष फोकस*
इस दौरान अधिकारियों को ईसीआईनेट पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें नोटिस जनरेट करना, सुनवाई निर्धारित करना, दस्तावेज अपलोड करना, फील्ड सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त करना, अंतिम आदेश दर्ज करना तथा विभिन्न श्रेणियों के मामलों का ऑनलाइन निस्तारण करना शामिल रहा। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया ताकि सभी कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सकें।
*विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए हो प्रत्येक आवेदन का निस्तारण*
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों एवं समयसीमा के भीतर किया जाएगा। पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों में संशोधन, पते में बदलाव तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने से संबंधित सभी मामलों का निष्पक्ष परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक आवेदन का निस्तारण विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर फील्ड वेरिफिकेशन एवं व्यक्तिगत सुनवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
*यह अधिकारी रहे उपस्थित*
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम रितु, निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप सहित सभी एईआरओ -1और
एईआरओ -2 उपस्थित थे।
