अधिकारी समाधान शिविर की शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करें समाधान :- उपायुक्त सतबीर सिंह
- जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविरों में सुनीं गई नागरिकों की समस्याएं
रोहतक, 5 अक्तूबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध उचित निपटारा करें ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच के दृष्टिगत एक छत के नीचे सभी विभागों से संबंधित हर शिकायत का समयबद्ध उचित निपटारा करने के उद्देश्य से ही समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार के साथ नागरिकों की समस्याएं की सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार हर सोमवार एवं वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर प्राप्त हो रही शिकायतों के निपटारे की मौके पर प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते समय संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्रवाई की जानकारी देकर संतुष्ट करें। नागरिक संतुष्ट होने के उपरांत ही इन शिविरों की समस्याओं का स्थाई समाधान किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे अपनी समस्या को साधारण कागज पर लिखकर लाए तथा उन्हें अपनी समस्या को कम्प्यूटर पर टाईप करवाने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन नागरिकों की हर समस्या का यथासंभव समाधान करने के प्रति कृत संकल्प है। लिखने-पढ़ने में असमर्थ व्यक्तियों की मदद के लिए समाधान शिविर में एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।
उपमंडल मुख्यालयों सांपला तथा महम में समाधान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनने के दौरान मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के समयबद्ध उचित निपटारे के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा प्रतिनिधि डॉ. अशोक रंगा एवं सतीश चौधरी मौजूद रहे।
