हरियाणा में 1.38 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
हरियाणा के पलवल में पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पलवल पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने उटावड़ थाना क्षेत्र से 138 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर को काबू किया।
इस स्मैक की कीमत 1 लाख से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इस पर अधिक जानकारी देते हुए पलवल एंटी नारकोटिक्स सेल स्टाफ प्रभारी हनीश खान ने बताया कि घुड़ावली बस अड्डे के पास गश्त के दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली थी।
जिसके आधार पर उन्होनें नूंह के चाहलाका गांव निवासी अजहर मोहम्मद को गिरफ्तार किया। आरोपी घुड़ावली के पास अपनी बाइक पर स्मैक के साथ किसी का इंतजार कर रहा था। जिसके बाद पुलिस उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से लगभग 138 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत 1 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी अजहर की बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ उटावड़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।
