श्री शीतला माता मंदिर में 11 अक्टूबर से लगेगा शारदीय नवरात्र मेला, 20 अक्टूबर तक होंगे विशेष आयोजन

 
 श्री शीतला माता मंदिर में 11 अक्टूबर से लगेगा शारदीय नवरात्र मेला, 20 अक्टूबर तक होंगे विशेष आयोजन

श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार की अध्यक्षता में मेला तैयारियों को लेकर हुई बैठक

सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश


गुरुग्राम, 8 अक्टूबर- गुरुग्राम स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर श्राइन बोर्ड और संबंधित विभागों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में श्री शीतला माता मंदिर श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुमित कुमार ने कहा कि शारदीय नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग को मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। पार्किंग स्थलों पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता के अनुसार उनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रखने को कहा गया।

मेले के दौरान पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में उपलब्ध पेयजल स्रोतों से नियमित रूप से पानी के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करवाने तथा पानी की टंकियों एवं अन्य पेयजल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया। सैंपल जांच में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर निगम को पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, पेयजल, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता तथा कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध रखने तथा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।

शारदीय नवरात्र के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। श्राइन बोर्ड द्वारा मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुगमता से मंदिर में दर्शन कर सकें और नवरात्र के आयोजनों में शामिल हो सकें।

बैठक में एसीपी प्रवीण, एसीपी संजय, डिप्टी सीएमओ डॉ. विकास, टेंपल ऑफिसर युगदत्त शर्मा, पंकज सहित पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम, अग्निशमन, परिवहन, बिजली तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।