सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना : कृष्ण पाल गुर्जर

 
 सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना : कृष्ण पाल गुर्जर



- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा : विपुल गोयल

- केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

- ढोल-नगाड़ों और बीन पार्टी के साथ धूमधाम से निकली सेवा ज्योति यात्रा


फरीदाबाद, 7 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आज सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री  विपुल गोयल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद एनआईटी विधायक सतीश फागना, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, नगर निगम फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, उपायुक्त आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, फरीदाबाद भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व विधायक टेक चंद शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता तथा मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़ भी मौजूद रहे।

भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों की अविराम यात्रा सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सेक्टर- 15 कम्युनिटी सेंटर में विकसित भारत संकल्प सभा सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा को जनसंवाद और जनभागीदारी से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। अभियान की सफलता इस बात से तय होगी कि हम कितने नए लोगों, परिवारों और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर उनके साथ संवाद स्थापित करते हैं और उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को केवल अपने परिचित लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के उन लोगों तक भी पहुंचना चाहिए, जिनसे अभी तक उनका संपर्क नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, श्रमिकों, छोटे व्यापारियों और पहली बार पार्टी अथवा सामाजिक गतिविधियों से जुड़ रहे लोगों के साथ संवाद स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि वे स्वयं से यह सवाल करें कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने कितने नए लोगों से मुलाकात की, कितने नए परिवारों से संवाद किया और कितने लोगों को सरकार की योजनाओं एवं उनके लाभों के बारे में जानकारी दी।

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल परिचित लोगों की समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि उन परिवारों तक पहुंचना भी है, जो जनप्रतिनिधियों या कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क में नहीं आ पाते। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नए परिवारों से संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना हमारा दायित्व है।

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि नई पीढ़ी को देश की विकास यात्रा और वर्ष 2014 से पहले की परिस्थितियों से परिचित कराना आवश्यक है। युवाओं को भाषण देने के बजाय संवाद के माध्यम से डिजिटल भारत, बैंकिंग, गैस कनेक्शन, शौचालय, आवास और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं में आए बदलावों से अवगत कराना चाहिए, ताकि वे देश में हुए परिवर्तन को समझ सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और विकास यात्रा से नई पीढ़ी को परिचित कराना देश के परिवर्तन की कहानी से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वयं से तीन सवाल पूछने चाहिए—आज कितने नए लोगों से मिला, कितने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और कितने ऐसे लोगों तक पहुंचा, जिनसे पहले संपर्क नहीं हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा की ज्योति को घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ें। सामूहिक जनभागीदारी और सेवा भावना से ही विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक अवसर है। उनकी 25 वर्षों की यात्रा सेवा, संकल्प, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन एक पूरी यूनिवर्सिटी की तरह है, जिससे प्रत्येक राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता जनसेवा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा ले सकता है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आगे बढ़ाई जा रही सेवा ज्योति केवल प्रकाश ही नहीं, बल्कि दिशा और संकल्प का प्रतीक है। इसके माध्यम से हम सभी को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, वंचित, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव आया है। उज्ज्वला योजना से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्की छत मिली है। वहीं आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की सुविधा देकर गंभीर बीमारियों के इलाज की चिंता कम की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है। इन जनकल्याणकारी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तकनीक, जनधन खातों, आधार और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए बिचौलियों की भूमिका को समाप्त किया है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है, जो सुशासन की दिशा में बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति की परिभाषा बदलते हुए इसे सत्ता भोग नहीं, बल्कि जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण का माध्यम बनाया है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जनहित में निरंतर कार्य करने और जनता का विश्वास कायम रखने की प्रेरणा मिलती है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के अपने सार्वजनिक जीवन में दृढ़ इच्छाशक्ति, स्पष्ट विजन और निरंतर परिश्रम से बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के लिए ऐसा कार्य करने का संकल्प लें, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा दे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।

ढोल-नगाड़ों और बीन पार्टी के साथ धूमधाम से निकली सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के उपरांत सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर से ढोल-नगाड़ों, बीन पार्टी और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच सेवा ज्योति यात्रा धूमधाम से रवाना हुई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्धारित मार्ग से होते हुए यात्रा सनफ्लैग चौक पहुंची, जहां सेवा ज्योति को विधिवत स्थापित किया गया। इस दौरान पूरा मार्ग सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण के नारों से गूंज उठा। यात्रा में शामिल लोगों ने सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सीईओ जिला परिषद शिखा, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, सीटीएम अंकित कुमार, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, कवींद्र फागना, अनुराग गर्ग सहित पार्षद गण, नगर पालिका/नगर परिषद के अध्यक्ष, ब्लॉक समितियों के अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।