भाजपा के वरिष्ठ नेता वेदपाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन नियुक्त
करनाल: हरियाणा सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश महासचिव एडवोकेट वेदपाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) का चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और प्रदेशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
वेदपाल ने विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी को मजबूत करने का काम किया
शनिवार को नियुक्ति की घोषणा होते ही उनके गांव रसूलपुर खुर्द स्थित आवास पर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। लोगों ने मिठाई बांटकर और फूल-मालाएं पहनाकर खुशी जताई। वेदपाल लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और उन्हें पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता माना जाता है। छात्र जीवन में एबीवीपी से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले वेदपाल ने संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी को मजबूत करने का काम किया। उनकी संगठनात्मक क्षमता और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
किसानों और कृषि क्षेत्र के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे
वर्ष 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में वेदपाल ने कैथल जिले की पुंडरी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली, लेकिन चुनाव के बाद भी वह लगातार जनता और संगठन के बीच सक्रिय रहे। नियुक्ति के बाद वेदपाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह किसानों और कृषि क्षेत्र के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडियों को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के साथ-साथ किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
किसानों की समस्याओं को करीब से समझते
उन्होंने कहा कि किसान परिवार से होने के कारण वह किसानों की समस्याओं को करीब से समझते हैं। कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे।
