फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों के आवेदकों का चयन 24 अगस्त को, 82 किसानों के सुपर सीडर के आवेदन प्राप्त, जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति करेगी ड्रा

 
फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों के आवेदकों का चयन 24 अगस्त को, 82 किसानों के सुपर सीडर के आवेदन प्राप्त, जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति करेगी ड्रा

गुरुग्राम, 20 अगस्त। फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने और किसानों को पराली के उचित प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा सीआरएम योजना 2026-27 के तहत किसानों से कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। योजना के तहत आवेदन करने वाले किसानों के चयन के लिए 24 अगस्त 2026 को ड्रा निकाला जाएगा।

सहायक कृषि अभियंता, गुरुग्राम ने बताया कि योजना के तहत सुपर सीडर कृषि यंत्र के लिए 82 किसानों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र आवेदकों का चयन जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति द्वारा ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। यह ड्रा 24 अगस्त को विकास सदन स्थित एडीसी कार्यालय के बैठक कक्ष में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों द्वारा किए गए आवेदनों को मुख्यालय के निर्देशानुसार स्वीकार किया गया है। चयन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं प्राथमिकता के आधार पर पात्र आवेदकों का चयन किया जाएगा।

सहायक कृषि अभियंता ने बताया कि चयनित किसानों को आवश्यक दस्तावेज संबंधित कार्यालय में जमा करवाने होंगे। 

उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को जलाने के बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से उनका उचित प्रबंधन करें। पराली का वैज्ञानिक प्रबंधन न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

0000