रानियां विधानसभा के बीएलओ को विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण का दिया गया प्रशिक्षण
सिरसा, 31 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण के तहत राजकीय कन्या महाविद्यालय, रानियां में रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (44) के बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय रानियां के प्राचार्य सज्जन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार शुभम शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण पांच सत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें 211 बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण, नोटिस प्रक्रिया, मतदाता दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक निर्वाचन कानूनगो देवेन्द्र सिंह एवं सहायक प्रोफेसर साहिल पोपली ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का दूसरा चरण 31 जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगा। इस अवधि में पात्र नागरिक अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से नया मतदाता बनकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं। फॉर्म-7 के जरिए किसी नाम को मतदाता सूची से हटाने अथवा उस पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। वहीं फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि, फोटो सहित अन्य विवरणों में संशोधन कराया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि अनमैपिंग एवं विसंगति वाले मतदाताओं को नोटिस प्राप्त होने के बाद निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा, ताकि उनका नाम मतदाता सूची से विलोपित न हो।
निर्वाचन कानूनगो देवेन्द्र सिंह ने पहले चरण का कार्य निर्धारित समय में शत-प्रतिशत पूरा करने पर सभी बीएलओ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही दूसरे चरण के कार्य को भी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार लोकेश कुमार, प्राचार्य सज्जन कुमार, नरेन्द्र सिंह शम्मी, मेनपाल सिंह, हरविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
