हरियाणा में शादी के 8 महीने बाद SDO की पत्नी की मौत, नैपकिन पर लिखा- "I M NOT WELL,
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शादी के महज 8 महीने बाद एसडीओ की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला। पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एक एसडीओ की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला ?
ये मामला कुरुक्षेत्र का है। यहां पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एक SDO की पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। एसडीओ की पत्नी का शव उसके घर पर पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, इस दौरान कमरे से एक नोट भी बरामद हुआ।
नैपकिन पर लिखा — "I M NOT WELL, SORRY"
जानकारी के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस को मृतका के कमरे में एक नैपकिन भी मिला, जिस पर लिखा था — "I M NOT WELL, SORRY"। पुलिस ने नैपकिन को कब्जे में लेकर उसकी हैंडराइटिंग की जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
8 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की 8 महीने पहले ही शादी हुई थी। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी एमए- बीएड पढ़ी थी। नवंबर 2025 में उसकी एसडीओ के साथ अरेंज मैरिज हुई। शादी के बाद कुछ महीने सब कुछ ठीक रहा, लेकिन फिर पति दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगा था।
मृतका के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि SDO के दूसरी महिला से अवैध संबंध थे और वह उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। मृतका के परिवार वालों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। फिलहाल पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
