कालांवाली यूथ मैराथन की तैयारियों का एसडीएम मोहित कुमार ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

 
कालांवाली यूथ मैराथन की तैयारियों का एसडीएम मोहित कुमार ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश


सिरसा, 20 नवंबर। कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन की तैयारियों को लेकर एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यूथ मैराथन सुबह 6 बजे अनाज मंडी के समीप से शुरू होगी, जिसमें 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 20 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी।
एसडीएम मोहित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग सहित अन्य जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि यूथ मैराथन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मैराथन को लेकर युवाओं में उत्साह है। अब तक 1,37,066 पंजीकरण हो चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दें।