हरियाणा में स्कॉर्पियो का 10,500 रुपये का चालान, ये है वजह
हरियाणा के हिसार में ट्रैफिक पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी का भारी भरकम चालान काट दिया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर हिसार ट्रैफिक पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी का 10 हजार 500 रुपए का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो गाड़ी पर अनधिकृत रूप से लाल बत्ती और सायरन लगाए गए थे। इस कारण ट्रैफिक पुलिस ने ये कार्रवाई की और चालान काटा। दरअसल नियमों के अनुसार सड़क पर चलने वाले किसी भी निजी वाहन पर बिना अनुमति लाल या नीली बत्ती, सायरन या फिर किसी अन्य प्रतिबंधित उपकरण का इस्तेमाल नहीं किया जाता। ऐसे में अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
वहीं इस पर हिसार के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क पर किसी भी वाहन द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनधिकृत लाल या नीली बत्ती और सायरन का इस्तेमाल करने वाले वाहनों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
साथ ही उन्होनें वाहन चालकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों पर किसी भी प्रकार की अनधिकृत बत्ती, सायरन या प्रतिबंधित उपकरण का इस्तेमाल न करें। ऐसे मामलों में नियमानुसार चालान के साथ अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
