Rohtak News: नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं ने दिया नशा मुक्ति का संदेश, नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
रोहतक, 8 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में ‘माय भारत’ द्वारा जिला के गांव सांघी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष की आयु के 250 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को देशभर में दिलाए गए राष्ट्रव्यापी नशामुक्ति संकल्प के संदर्भ में किया गया। इस दौरान युवाओं ने नुक्कड़ नाटक, समूह गान, समूह नृत्य, स्लैम पोएट्री, वाद-विवाद, भाषण, पोस्टर मेकिंग, रील मेकिंग, नारा लेखन एवं चित्रकला सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या बबीता रानी, जिला युवा अधिकारी परम राठी, ‘माय भारत’ के पदाधिकारी एवं सेवानिवृत्त सूबेदार जयशंकर, प्रवीण सहित अन्य स्वयंसेवक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अशोक नांदल ने युवाओं की प्रतिभा एवं जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए। विद्यालय की प्राचार्या बबीता रानी ने भी युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
बॉक्स :-
विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा :-
कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान टीम ‘हम’, द्वितीय स्थान एलएन हिंदू तथा तृतीय स्थान राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सांघी ने प्राप्त किया। समूह गान में प्रथम स्थान संजय ग्रुप ने हासिल किया, जबकि समूह नृत्य में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सांघी की टीम विजेता रही।
रील मेकिंग में मनीषा ने प्रथम, हिमांशु ने द्वितीय तथा पवन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में दीपांशी गिल प्रथम, अंशिका नांदल द्वितीय तथा जतिन तृतीय रहे। स्लैम कविता में जतिन ने प्रथम, नितिन ने द्वितीय तथा मंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नारा लेखन में निकिता ने प्रथम तथा अक्षिखा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता के तीनों स्थान राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सांघी के विद्यार्थियों ने प्राप्त किए।
सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, चंडीगढ़ में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
बॉक्स :-
विशेषज्ञ निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन:-
विभिन्न प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ निर्णायक मंडल गठित किया गया। निर्णायक मंडल में सुरेंद्र नरवाल, मिथिलेश हुड्डा, डॉ. मंजीत, पंकज राणा, डॉ. रजनी कुमारी, डॉ. सुमित कुमार, रामकली, अनिल कौशिक, राकेश कुमार गौड़, प्रमिला, दीपक एवं हितेश सहित अन्य विशेषज्ञों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
चित्रकला का मूल्यांकन मुदिता एवं विम्मी, वाद-विवाद का मूल्यांकन सुरेंद्र नरवाल, डॉ. मंजीत एवं प्रमिला, लघु फिल्म एवं रील मेकिंग का मूल्यांकन अनिल कौशिक, कुलदीप एवं संदीप, नारा लेखन का मूल्यांकन राकेश एवं मुदिता तथा स्लैम पोएट्री का मूल्यांकन फूल कुमार एवं सुनील खत्री द्वारा किया गया।
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, निर्णायक मंडल, अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
