Haryana Roadways : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में आज शनिवार सुबह 4 बजे से ही रोडवेज कर्मचारी यूनियन का अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू हो गया है। जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, अलसुबह से ही डिपो के कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर मोर्चा संभालते हुए बसों का संचालन पूरी तरह से ठप कर दिया। जिसके चलते सुबह के वक्त चंडीगढ़ जाने वाली बस को भी कर्मचारियों ने वर्कशॉप व बस स्टैंड से बाहर नहीं निकलने दिया।
जानकारी के मुताबिक, कल शुक्रवार शाम को एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में रोडवेज यूनियन के साथ हुई वार्ता पूरी तरह निष्फल रही। वार्ता विफल होने के बाद यूनियन ने अपने पूर्व घोषित फैसले के तहत शनिवार तड़के 4 बजे से ही अनिश्चितकालीन चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है की शुक्रवार से ही 83 से अधिक बसों का रात्रि ठहराव बंद किए जाने के बाद शनिवार सुबह चक्का जाम होते ही दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, आगरा और खाटूश्याम जैसे लंबे रूटों के अलावा आदमपुर, उकलाना, बाधड़ा व चौधरीवास जाने वाले लोकल रूटों की बस सेवाएं पूरी तरह बंद हो गईं।
जिससे यात्रियों को बस स्टैंड पर खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विकल्प न मिलने के कारण लोग प्राइवेट बसों और निजी वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
मिली जानकरी के अनुसार, रोडवेज यूनियन के प्रधान संदीप जैनवास, अजय दुहन, राजबीर दुहन और नरेंद्र खरड़ ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपने लंबित वित्तीय लाभों, रात्रि भत्ते, टीए और ओवरटाइम के बकाया भुगतान की मांग कर रहे हैं। जीएम की कार्यशैली और मांगों पर समाधान न होने से नाराजगी बनी हुई है।
