एसआईआर का संशोधित कार्यक्रम जारी, 15 दिसंबर तक होगा दावे-आपत्तियों का निपटारा
हिसार, 20 नवंबर।उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल ने बताया कि हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निपटान की अंतिम तिथि अब 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए सभी मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अपनी जानकारी की जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित समयसीमा के भीतर संबंधित निर्वाचन कार्यालय में अपना दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें तथा आमजन को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
