*मानेसर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश*

 
 *मानेसर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश*

गुरुग्राम, 10 जुलाई।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के उद्देश्य से पटौदी विधानसभा के मानेसर स्थित एचएसआईआईडीसी ऑडिटोरियम में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानेसर क्षेत्र के बूथों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), सुपरवाइजर, बीएलओ तथा निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे। 

एसडीएम दिनेश लुहाच ने बैठक में मौजूद भाजपा गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव, नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, बीएलए-2, मानेसर मंडल अध्यक्ष, वार्ड पार्षदों, पूर्व सरपंचों, महिला मोर्चा के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसे त्रुटिरहित एवं नवीनतम बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने तथा बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ अपने आवंटित क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें तथा नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, स्थनांतरण एवं आवश्यक संशोधन से संबंधित सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न करें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन बीएलओ को क्षेत्र में कार्य निष्पादन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, उनके सहयोग के लिए नगर निगम मानेसर के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए और कार्य समय पर पूरा हो सके।