सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने ली अधिकारियों की बैठक, समयसीमा में समाधान करने के दिए निर्देश
उपायुक्त महेंद्र पाल ने आमजन की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को अब अधिकारी हल्के में न लें। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में निस्तारण करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को वास्तव में राहत मिले। केवल कागजों में शिकायत का निपटारा दिखाने से काम नहीं चलेगा।
यह निर्देश शुक्रवार को जीएमडीए के सीईओ डीके बेहरा की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार स्थिति का जायजा लेते हुए लंबित शिकायतों के दृष्टिगत संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए की वे ओवरड्यू शिकायतों को तत्काल अपने संज्ञान में लेकर उनका प्राथमिकता से समाधान करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग में शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण करते समय उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। शिकायतकर्ता की समस्या को समझे बिना या अधूरी कार्रवाई करके पोर्टल पर शिकायत बंद करना उचित नहीं है। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों की संख्या कम करना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम विंडो एवं एसएमजीटी पोर्टल को गंभीरता से लें और नियमित रूप से इसकी समीक्षा करते रहें, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश रोहित कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा व चुनाव तहसीलदार जगदीप मान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
