हिसार में भव्य रोज़गार मेले का आयोजन: लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने किया उद्घाटन, युवाओं को मिली सीधी भर्ती की राह

 
हिसार में भव्य रोज़गार मेले का आयोजन: लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने किया उद्घाटन, युवाओं को मिली सीधी भर्ती की राह

चंडीगढ़, 18 जुलाई— हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को रोजगार प्राप्त करने में आसानी होती है।

 

मंत्री रणबीर गंगवा शनिवार को हिसार में मंडल रोजगार कार्यालय तथा गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य रोजगार मेले का शुभारंभ करने उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को निजी क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

 

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं क़ो विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलती है तथा वे आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि हमारे युवा ही विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं में अपार प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता है, जिसे सही दिशा और अवसर मिलने पर वे देश एवं प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।