जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शनों का सर्वे शुरू में की उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

 

 
भिवानी, 5 अगस्त।  जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, उपमण्डल संख्या-2, भिवानी द्वारा शहर में जलापूर्ति एवं सीवरेज कनेक्शनों का विस्तृत सर्वेक्षण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य उपभोक्ताओं के अभिलेखों का सत्यापन एवं अद्यतन करना, विभागीय रिकॉर्ड को सुदृढ़ बनाना तथा जलापूर्ति एवं सीवरेज सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है। विभाग ने सर्वे के दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।


कार्यकारी अभियंता सूर्यकांत ने बताया कि विभाग की अधिकृत सर्वे टीम घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र (फॉर्म) में आवश्यक जानकारी दर्ज करेगी। विभाग द्वारा सभी उपभोक्ताओं से इस सर्वेक्षण के लिए किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सर्वे टीम केवल निर्धारित सर्वे प्रपत्र भरेगी तथा आवश्यक जानकारी एकत्रित करेगी।


जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सर्वे टीम को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सर्वेक्षण कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें। साथ ही, यदि कोई व्यक्ति सर्वेक्षण के नाम पर किसी प्रकार की धनराशि की मांग करता है, तो उसे कोई भुगतान न करें तथा इसकी सूचना तुरंत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को दें।