हरियाणा उदय आउटरीच अभियान के तहत नशामुक्त हरियाणा थीम के साथ आयोजित होंगे जन जागरूकता कार्यक्रम

 
हरियाणा उदय आउटरीच अभियान के तहत नशामुक्त हरियाणा थीम के साथ आयोजित होंगे जन जागरूकता कार्यक्रम

फरीदाबाद, 02 जुलाई।
हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में संचालित हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत नशा मुक्त हरियाणा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से हरियाणा प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘ड्रग्स फ्री हरियाणा’ थीम पर अनेक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मैराथन, नशामुक्त हरियाणा संकल्प, संगोष्ठियां तथा अन्य गतिविधियां शामिल होंगी, जिनके माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

हरियाणा सरकार में प्रधान सचिव अरुण गुप्ता और मुख्यमंत्री के ओएसडी पंकज नैन ने हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर आज बृहस्पतिवार को उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर लोगों को इस जन आंदोलन से जोड़ना है। उन्होंने इसके लिए सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में नशा मुक्ति मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 जुलाई को यमुनानगर, 9 अगस्त को फरीदाबाद, 6 सितंबर को रेवाड़ी तथा 27 सितंबर को महेंद्रगढ़ में मैराथन आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जन-आंदोलन है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशामुक्त हरियाणा जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला फरीदाबाद भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएगा। जिले से विभिन्न गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ), केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा अन्य सामाजिक संगठन अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का कार्य करेंगे। अभियान के दौरान विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।

बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, डीसीपी उषा कुंडू, निगम के अतिरिक्त आयुक्त अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।