नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना भी सबसे बड़ी जनसेवा है- शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

 

 

 

 रक्त की एक बूंद असहाय को नया जीवन करती है प्रदान- शिक्षा मंत्री

 

चंडीगढ़, 17 सितंबर- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों को सेवाभाव के साथ ऱाष्ट्र के प्रति समर्पित भावना से सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना सबसे बड़ी जनसेवा है। इससे जरूरतमंद व्यक्ति को मदद मिलती है। सरकार का मुख्य उद्देश्य अंत्योदय की भावना से पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान करना है।

मंत्री वीरवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष में भिवानी स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा मंत्री ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्त की एक बूंद असहाय को नया जीवन प्रदान करती है। मंत्री ने मंदिर परिसर में संचालित अपना घर में आश्रय ले रहे दिव्यांगजनों का भी हालचाल जाना और मिठाई भेंट की। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, बैंकिंग सेवाएं, मीकाढा़, परिवहन विभाग, कृषि विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, पशुपालन विभाग, खाद्य एवं पूर्ति विभाग, जिला बाल कल्याण परिषद, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम सर्राफ, डीसी साहिल गुप्ता, एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरवीर सिंह, वीरेंद्र कौशिक और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एडवोकेट शंकर लाल धुपड़ और विक्रम सिंह मौजूद रहे।