Haryana News: हरियाणा में पुलिस ने बिचौलिये को किया अरेस्ट, लाखों रुपये लेकर कराता था फर्जी शादी, दुल्हन से लेकर माता-पिता तक सब होते थे नकली
Jun 2, 2025, 11:27 IST
Haryana News: हरियाणा के सिरसा में चल रहे शादी समारोह में अचानक राजस्थान की पुलिस पहुंच गई। टीम ने शादी करा रहे बिचौलिये को अरेस्ट कर लिया। इसके बाद दुल्हन और उसके साथ आए रिश्तेदारों की जांच की गई तो सभी फर्जी निकले। यहां तक कि जिन लोगों को दुल्हन के माता-पिता बनाकर लाया गया था, वो दुल्हन का नाम तक नहीं जानते थे। इस बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के डबवाली में रविवार को शादी समारोह हो रहा था। दुल्हन तैयार थी और दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया और अपनी दुल्हन के इंतजार में मंच पर बैठा हुआ था। कुछ रिश्तेदार खाना खा रहे थे तो कुछ खुशी में डांस करने में लगे हुए थे। इसी दौरान राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची। अचानक पुलिस देखकर सब चोक गए। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से शादी कराने वाले बिचौलिए के बारे में जानकारी ली। तभी मेहमानों के बीच रेशम सिंह नाम का व्यक्ति सामने आया और उसने खुद को बिचौलिया बताया। पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया। मेहमानों ने जब सवाल किया तो पुलिस ने उन्हें बताया कि रेशम सिंह के खिलाफ राजस्थान के बीकानेर जिले मुकदमा दर्ज है और वह पिछले एक साल से फरार चल रहा है। पुलिस ने लोगों को बताया कि यह पैसे लेकर फर्जी शादी कराता है और इसके बाद दुल्हन भाग जाती है। राजस्थान पुलिस के इस खुलासे के बाद शादी समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवारों को बुलाया। दुल्हन के माता-पिता से पूछताछ की गई तो वे अपनी लड़की का नाम तक नहीं बता पाए। इसके बाद उसके अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ हुई तो वे भी आपस में किसी को नहीं जानते थे। सब पैसे लेकर शादी में आए हुए थे। राजस्थान पुलिस की जांच में लड़की के माता-पिता और लड़की पक्ष के अन्य सभी लोग भी फर्जी निकले। इस पर राजस्थान पुलिस ने हरियाणा पुलिस को सूचना दी। डायल 112 और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हन और बाकी सभी को हिरासत में ले लिया। राजस्थान पुलिस ने केवल आरोपी दर्शन सिंह उर्फ रेशम सिंह को अपने साथ ले गई। रेशम सिंह पंजाब के बठिंडा का रहने वाला बताया है, जो वर्तमान में डबवाली में सुंदर नगर इलाके में किराए पर रहता था। पुललिस का दावा है कि आरोपी ने 10 से 12 फर्जी शादियां करवाई थीं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित के पास से कई आधार कार्ड बरामद हुए। ऐसे बनाता था लोगों को अपना निशाना पकड़ा गया आरोपी उम्रदराज हो चुके अविवाहित पुरुषों के परिवारों को शादी कराने का झांसा देकर लाखों रूपये ठगता था और ऐसे परिवारों को ढूंढने के लिए अखबारों में वर के विवाह संबंधी विज्ञापन देखता था। बाद में उन सभी से संपर्क करता था। फिर तलाकशुदा लड़कियों से उनके फर्जी मां-बाप और रिश्तेदार बनवाकर उसने मिलवाता था।
