राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेजाडेला कलां में पॉक्सो अधिनियम एवं विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित
सिरसा, 17 जुलाई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को पॉक्सो अधिनियम एवं विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नेजाडेला कलां में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा लैंगिक अपराधों से संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के महत्व से भी अवगत कराया और उन्हें कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
पैनल अधिवक्ता रजिंदर कौर तथा पैरा लीगल वालंटियर सुखदेव सिंह ने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति नालसा हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर नि:शुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला लीगल लिटरेसी इंचार्ज नरेंद्र सिंह, विद्यालय का शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
