प्रधानमंत्री 26 जुलाई को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों से करेंगे संवाद : डीसी आयुष सिन्हा

 
प्रधानमंत्री 26 जुलाई को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों से करेंगे संवाद : डीसी आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, 25 जुलाई।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 26 जुलाई, 2026 को सायं 4:30 बजे सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के छठी मंजिल स्थित कमरा नंबर 603  में आयोजिय कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि माई भारत के माध्यम से आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के उस विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत देश के सीमावर्ती गांवों को राष्ट्र के "प्रथम गांव" के रूप में विकसित करते हुए उन्हें विकसित भारत की यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 4 जून से 30 जून, 2026 तक दो चरणों में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के 74 वाइब्रेंट सीमा गांवों को शामिल किया गया। देशभर के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक युवाओं का चयन राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया, जिसमें तीन लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सीमावर्ती गांवों में स्थानीय परिवारों के साथ रहकर स्वच्छता अभियान, विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान, युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम, वृक्षारोपण, मिनी मॉडल पंचायत गतिविधियां, स्थानीय शिल्पकारों से संवाद तथा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संस्थानों का भ्रमण किया। इस पहल के माध्यम से युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा विकास की संभावनाओं को निकट से समझने का अवसर मिला। साथ ही राष्ट्रीय एकता, सामुदायिक सहभागिता और सीमा क्षेत्रों के सामरिक महत्व के प्रति युवाओं में जागरूकता भी बढ़ी।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास एवं स्थानीय समुदायों के साथ उनके जुड़ाव को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चयनित प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री के इस प्रेरणादायी संवाद में समय पर जुड़ने का आह्वान किया।