भीम स्टेडियम में 2 से 15 सितंबर तक होगा परीक्षा पास कर चुके युवाओं का फिजीकल और मेडिकल स्क्रीनिंग: महेश कुमार
भिवानी, 30 जुलाई। स्थानीय भीम स्टेडियम में दो से 15 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली प्रक्रिया होगी, जिसमें कॉमन परीक्षा पास कर चुके युवा भाग लेंगे। भर्ती रैली को लेकर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम महेश कुमार ने की। इस दौरान सेना भर्ती निदेशक कर्नल के संदीप ने बताया कि इस भर्ती रैली में वे युवा शामिल होंगे, जो अपनी कॉमन परीक्षा पास कर चुके हैं। भिवानी में अग्रिवीर जनरल ड्यूटी, अग्रिवीर टेक्रिकल और अग्रिवीर ट्रेडमेन भर्ती होंगे, जिसमें टीडीएन- 8 और टीडीएन-10 हैं। परीक्षा पास चुके युवाओं का फिजीकल और उसके बाद मेडिकल स्क्रीनिंग होगा। भर्ती के दौरान स्टेडिमय में केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश होगा। बैठक में कर्नल गंदर्भ ठाकुर, मेजर मजहुल मोहम्मद, सूबेदार मेजर सेलवाज और नगराधीश अनिल कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में अग्रिवीर भर्ती रेली की तैयारियों को लेकर अलग-अलग विभागों को जिम्मेवारी सौंपी गई।
एसडीएम महेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को भर्ती स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईटी से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए 2 लैपटॉप, 40 कंप्यूटरों के माध्यम से डेटा फीडिंग तथा हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने हरियाणा रोडवेज को अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए समयानुसार पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक समन्वय करने को कहा गया। उन्होंने खेल विभाग को स्पोर्ट्स कोटा से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता से करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएं। पुलिस विभाग को पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, बिजली विभाग को निर्बाध एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को 6 मोबाइल टॉयलेट एवं 12 सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएसपी अनूप कुमार, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य, खेल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
