*एकजुटता के साथ ग्रामीण विकास में सहभागी बनें ग्रामीण : डीसी*

​​​​​​​

 
*एकजुटता के साथ ग्रामीण विकास में सहभागी बनें ग्रामीण : डीसी*

*झज्जर, 30 जुलाई*

हरियाणा सरकार की सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का प्रत्येक माह आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मातनहेल खंड के गांव खापड़वास में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां डीसी वर्षा खांगवाल ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनी व साथ ही गांव के विकास से जुड़े ग्रामीणों के सुझावों को भी सुना।

खापड़वास ग्राम पंचायत की तरफ से सरपंच अनिता देवी ने डीसी वर्षा खांगवाल सहित अन्य अधिकारियों का स्वागत किया। इस उपरांत ग्राम सरपंच द्वारा ग्राम पंचायत की तरफ से मांग पत्र डीसी के समक्ष रखा। 

*रात्रि ठहराव: शासन-प्रशासन का जन संवाद मॉडल*

रात्रि ठहराव कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि रात्रि ठहराव केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकार का यह संकल्प है कि प्रशासन जनता के घर द्वार तक पहुंचे और उसकी समस्याओं को समझे। उन्होंने कहा कुछ समस्याएं ऐसी होती हैं जिनका स्थानीय स्तर पर समाधान संभव होता है,ऐसे में ग्रामीण एकजुटता के साथ ग्रामीण विकास में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में जो शिकायतें दर्ज हुई हैं उनका प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से पौधा रोपण अभियान चलाने, नशे जैसी बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

*पुलिस ने किया जागरूक, नशे और साइबर अपराधों से बचाव पर बल*

इस अवसर पर निरीक्षक बलराज ने ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा नशामुक्त जीवन की आवश्यकता पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अपराधों से बचाव के लिए समाज को सजग रहना जरूरी है और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करें। इसके अलावा 112 की जानकारी दी। साथ ही युवा शक्ति को नशे की लत से बचाव रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं एसडीएम रवि मीणा ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

*ग्रामीणों की भागीदारी और विश्वास ने बढ़ाया कार्यक्रम का महत्व*

कार्यक्रम में गांव खापड़वास के अलावा आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं जैसे सड़क, जल निकासी,फसल बीमा, बिजली,पशु चिकित्सा केंद्र की स्थिति आदि पर खुलकर चर्चा की। डीसी वर्षा खांगवाल ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश देकर कई समस्याओं का तुरंत समाधान कराया। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और गहरा हुआ।

*सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता*

सूचना ,जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने हरियाणवी लोक गीतों के जरिए ग्रामीणों को स्वच्छता अभियान,हर घर तिरंगा, वंदे मातरम और एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण अभियान के अलावा सरकार की योजनाओं से लोक शैली में अवगत कराया और लाभ उठाने की प्रेरणा दी। विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग से सम्बंधित योजनाओं की जानकारी भी सांझा की।

*स्टॉल पर योजनाओं की मिली जानकारी*

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वास्थ्य, परिवहन, सामाजिक न्याय, शिक्षा, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य आपूर्ति, कृषि, क्रीड, जनस्वास्थ्य विभाग व बिजली निगम प्रमुख रहे। स्वास्थ्य व आयुष विभाग की टीम ने गांव में नि:शुल्क जांच शिविर लगाया, जिसमें ग्रामीणों ने रक्तचाप, शुगर और सामान्य जांच करवाई। आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।

*रात्रि ठहराव में ये अधिकारी रहे मौजूद*

इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसीपी दिनेश कुमार, पंचायत समिति मातनहेल के अध्यक्ष दीपक झांसवा, जिला पार्षद प्रतिनिधि वीरभान, सरपंच प्रतिनिधि दारा सिंह सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।