पलवल के मंडकोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा, स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी

 
पलवल के मंडकोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा, स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी

 

 

चंडीगढ़, 5 अगस्त - हरियाणा सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुँचाने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सरकार ने पलवल जिले के मंडकोला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में अपग्रेड करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। सरकार के इस दूरगामी फैसले से मंडकोला गांव सहित आसपास के दर्जनों गांवों और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाली एक बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के समीप ही उपलब्ध हो सकेंगी।

 

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चालू वर्ष के मार्च माह में पेश किए गए बजट में मंडकोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का वादा किया था। मुख्यमंत्री ने जनहित में ली गई अपनी इस बजट घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए आधिकारिक मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता को दी गई हर गारंटी और बजट घोषणा को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तब्दील होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा। अब स्थानीय निवासियों को सामान्य इलाज के साथ-साथ प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग और सामान्य सर्जरी जैसे विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

 

इसके अलावा, केंद्र में 24 घंटे आपातकालीन सुविधाएं, बेडों की संख्या में बढ़ोतरी, आधुनिक लैब टेस्ट, एक्स-रे और अन्य जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलने लगेंगी। इससे मंडकोला और उसके पड़ोसी गांवों के हजारों लोगों को अब छोटी-मोटी बीमारियों या आपातकालीन स्थिति में जिला अस्पताल पलवल या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनके समय और धन दोनों की भारी बचत होगी। क्षेत्रीय निवासियों ने सरकार के इस जनहितैषी कदम का जोरदार स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का आभार व्यक्त किया है।