स्वस्थ नागरिक ही 'विकसित भारत' का सपना साकार कर सकते हैं - स्वास्थ्य मंत्री

 

 

 

स्वास्थ्य मंत्री ने रेवाड़ी जिले के माहेश्वरी गांव में जनसभा को संबोधित किया

 

चंडीगढ़, 16 सितंबर – हरियाणा की स्वास्थ्य, आयुष और चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि केवल स्वस्थ नागरिक ही 'विकसित भारत' बनाने का सपना साकार कर सकते हैं। इसलिए, उन्होंने हर नागरिक से अपनी सेहत का ध्यान रखने और नशीले पदार्थों व अन्य नशों से दूर रहने की अपील की।

 

स्वास्थ्य मंत्री बुधवार को रेवाड़ी जिले के माहेश्वरी गाँव में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 'नशा मुक्त हरियाणा अभियान' शुरू किया है, जिसके तहत हाल ही में रेवाड़ी में एक बड़ी मैराथन आयोजित की गई थी। उन्होंने जिले के हर नागरिक से हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

 

 आरती सिंह राव ने कहा कि 'नॉन-स्टॉप हरियाणा' के विज़न के तहत विकास की गति को तेज करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए हैं, जिनसे दक्षिण हरियाणा को भी लाभ मिला है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के तुरंत बाद श्री नायब सिंह सैनी ने सभी ज़िला अस्पतालों में मुफ़्त डायलिसिस सुविधा शुरू कीं। उनके नेतृत्व में, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकारी अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग अब नागरिकों को पहले से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।

 

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने माहेश्वरी गाँव में 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

 

बाद में आरती सिंह राव ने मीरपुर गाँव में ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।