जिला युवा महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए गूंजा नशा मुक्त हरियाणा का संदेश:-
रोहतक, 20 नवंबर। हरियाणा युवा महोत्सव-2026 के अंतर्गत महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर ऑडिटोयम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय नशा मुक्ति अभियान रहा। विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणबीर ढाका तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, बीर सिंह हुड्डा, जगमाल नरवाल एवं डॉ. अशोक रंगा भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ओम प्रकाश धनखड़ ने युवा प्रतिभागियों के उत्साह एवं प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा अपने साथियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, लोकगीत, गायन एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, लोकनृत्य एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने हरियाणवी संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक पेश की।
महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला परिषद की चेयरपर्सन श्रीमती मंजू हुड्डा ने मुख्य अतिथि तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अभिमन्यु यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। दोनों अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रीमती मंजू हुड्डा ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए नशा मुक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के विषय पर भी अपने विचार साझा किए तथा महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक गतिविधियों में करें और नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, कला एवं परंपराओं से जुड़ने और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक बनने का अवसर प्रदान करते हैं। महोत्सव में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं नगराधीश शुभम के मार्गदर्शन में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। जिला समन्वय अधिकारी एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रोहतक के प्रधानाचार्य राजपाल सिंधु ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।
