बाल महोत्सव के दूसरे दिन बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

 
 बाल महोत्सव के दूसरे दिन बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

कला, नृत्य और रचनात्मकता का दिखा शानदार संगम

बाल भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा*

झज्जर, 4 नवंबर

डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में चार दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव के दूसरे दिन बाल भवन परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कला कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। नृत्य, संगीत, लेखन, चित्रकला और अभिनय सहित विभिन्न विधाओं में बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दूसरे दिन बुधवार को कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने किया। इस अवसर पर  कोऑर्डिनेटर संजय शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी अक्षमा व  निर्णायक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
महोत्सव के दूसरे दिन बेस्ट ड्रामेबाज, हिंदी एवं अंग्रेजी हैंडराइटिंग, स्केच ऑन द स्पॉट, पोस्टर मेकिंग, ग्रुप डांस, सोलो डांस, क्ले मॉडलिंग, डिक्लेमेशन कॉन्टेस्ट, क्लासिकल सोलो डांस, पैट्रियोटिक ग्रुप सॉन्ग और मेहंदी रचाओ सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। हैंडराइटिंग प्रतियोगिता के दूसरे ग्रुप के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिव्यक्ति, नृत्य, संगीत और लेखन कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के आत्मविश्वास और हुनर ने बाल महोत्सव के माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।

बच्चों को प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करना ही उद्देश्य : सुरेखा
जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों और आयोजन में सहयोग देने वाली टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाल भवन बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि महोत्सव के आगामी दिनों में भी बच्चे इसी उत्साह और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


यह रहे मौजूद
इस अवसर पर नीरज भगत, नरीश कुमार, सुमिता देवी, राकेश चावला, सोनम, पिंकी, धर्मवीर, अनुपम, राहुल, पंकज कुमार, किरण कुमार वशिष्ठ, राखी, बबीता, अनूप, मुकेश कुमार, मोनिका, अरविंद, प्रदीप कुमार, नरुत्तम, ईश्वर, चेतना, दलवंती, जसवंती, डॉ. महावीर और निशा सहित गतिविधियों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।