संत कबीर साहेब के प्रकटोत्सव पर धानक धर्मशाला में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सिरसा । महान कवि, समाज सुधारक और मानवता के मसीहा संत कबीर साहेब के प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर स्थानीय धानक धर्मशाला में एक भव्य एवं विशाल धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। धर्मशाला पहुँचने पर समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और धर्मशाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने मनीष सिंगला का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान कबीर पंथी श्रद्धालुओं और स्थानीय समाज ने मिलकर संत कबीर जी की शिक्षाओं को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत कबीर साहेब जी की वाणी के पाठ से हुई। इसके बाद आयोजित विशेष सत्संग में पधारे भजनीकों और संतों ने कबीर जी के प्रसिद्ध दोहों और भजनों के माध्यम से उपस्थित संगत को निहाल किया। मनीष सिंगला ने कहा कि संत कबीर साहेब जी ने सदियों पहले समाज में फैली कुप्रथाओं, जाति-पाति के भेदभाव और आडंबरों पर कड़ा प्रहार किया था। उनकी वाणी आज के आधुनिक युग में भी समाज को सही दिशा दिखाने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि संत कबीर साहेब किसी एक वर्ग या जाति के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के पथ-प्रदर्शक थे। उन्होंने हमेशा प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश दिया। आज के दौर में 'हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट' भी उन्हीं की प्रेरणा से दीन-दुखियों और जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर लगा हुआ है। हमारा प्रयास है कि समाज का कोई भी व्यक्ति खुद को असहाय न समझे। मनीष सिंगला ने कहा कि मैंने आपके समाज धानक समाज और वाल्मीकि समाज की बहन बेटियों का भात भरा हैं तो मैं आपके समाज का ही हूं और आज अपनों के बीच आया हूं। सत्संग कार्यक्रम की पूर्णाहूति के बाद भक्तों के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की गई थी। इस सेवा कार्य में भी मुख्य अतिथि मनीष सिंगला ने अपनी ओर से विशेष आर्थिक व सामाजिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने लंगर की व्यवस्था में हाथ बंटाते हुए खुद अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसाद और लंगर परोसा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर धानक धर्मशाला कमेटी के प्रधान और पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि मनीष सिंगला का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनीष सिंगला और उनका ट्रस्ट हमेशा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग देता है, जो समाज के अन्य लोगों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है। इस मौके पर रतनलाल बामनिया, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, विनोद बामनिया, सुनील बामनिया, अनिल सोलंकी, रतन, अशोक बामनिया, योगेश बिज़ारनिया, राजेंद्र बामनिया, महावीर सोलंकी, वीरू बामनिया, पार्षद राखी मौर्या, सुमन बामनिया, दर्शना बामनिया, प्रियंका बोमरा, पृथ्वी सोलंकी, शाम लाल बामनिया, कृष्ण बामनिया, सुनीता सेठी, सुनील मोर्या इत्यादि मौजूद थे।
