महिलाओं, विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर रहेगा विशेष जोर:- नरेंद्र कुमार
रोहतक, 20 नवंबर: अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर जिला, खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को शौचालयों के नियमित उपयोग, उचित रखरखाव एवं साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसी कड़ी में गांव सीसर खास स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत जिले में 19 नवंबर 2026 से 10 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी अभियान स्वच्छ शौचालय, गरिमा में भविष्य चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वच्छता को बढ़ावा देना तथा सार्वजनिक परिसरों एवं संस्थागत शौचालयों की कार्यक्षमता, सुरक्षा, सुगमता और स्थिरता में सुधार सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही मल कीचड़ प्रबंधन से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करवाना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि अभियान के दौरान महिलाओं, विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुलभ स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे शौचालयों का नियमित उपयोग करें और उनकी साफ-सफाई एवं रखरखाव को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं। अभियान के तहत गांवों में स्वच्छता जागरूकता अभियान, सामुदायिक बैठकें, ग्राम सभा में चर्चाएं, विद्यालयों में स्वच्छता ऑडिट, हाथ धोने के सही तरीकों का प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं गरिमापूर्ण ग्रामीण परिवेश का निर्माण संभव है।
