सोमवार 9 नवम्बर हरियाणा में न केवल सरकारी छुट्टी बल्कि सार्वजनिक अवकाश भी, सभी बैंक रहेंगे बंद
पहली बार विश्वकर्मा दिवस पर एन.आई. एक्ट, 1881 की धारा 25 में पब्लिक होलीडे घोषित-- हेमंत
अम्बाला
इस वर्ष दीवाली (दीपावली) का पर्व 8 नवम्बर रविवार के दिन पड़ने कारण कैलेंडर वर्ष 2026 में एक सरकारी घोषित छुट्टी घट गई है. बहरहाल, सोमवार 9 नवम्बर को विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य पर हरियाणा राज्य में घोषित गजटेड हॉलिडे अर्थात राजपत्रित अवकाश, जिसे आम भाषा में सरकारी छुट्टी कहते है, के साथ साथ पहली बार इसी दिन प्रदेश में पब्लिक हॉलिडे अर्थात सार्वजनिक अवकाश भी घोषित है.
शहर के सैक्टर 7 निवासी हाईकोर्ट एडवोकेट और प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने शहरवासियों को इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हालांकि पिछले कैलेंडर वर्ष 2025 तक विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर हरियाणा में सार्वजनिक अवकाश नहीं होता था परन्तु इस बार पहली बार ऐसा किया गया है. अत: इस कारण सोमवार 9 नवम्बर को हरियाणा में स्थित सभी प्रकार के बैंक (सरकारी और प्राइवेट) बंद रहेंगे. इसी प्रकार इंशोरेंस कंपनियों के कार्यालय और संगठित व्यापारिक प्रतिष्ठान (प्राइवेट लिमिटड कंपनियां ) आदि में भी अवकाश रहेगा.
बहरहाल, गजटेड हॉलिडे अर्थात राजपत्रित अवकाश और पब्लिक हॉलिडे अर्थात सार्वजनिक अवकाश इन दोनों प्रकार की छुट्टियों का अंतर समझाते हुए एडवोकेट हेमंत ने बताया कि जब हरियाणा सरकार (या किसी भी प्रदेश सरकार ) द्वारा किसी विशेष दिन या अवसर या त्यौहार आदि पर गजटेड हॉलिडे ( राजपत्रित अवकाश) घोषित किया जाता है, तो उस दिन प्रदेश में स्थित राज्य सरकार के सभी कार्यालय, सरकारी बोर्ड, निगम, राजकीय प्रतिष्ठान, स्थानीय नगर निकाय (नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका ) आदि जो-जो राजकीय कार्यालय प्रदेश सरकार के अधीन आते है एवं इसके अलावा राज्य में स्थित सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सभी शिक्षण संस्थान इत्यादि सभी में अवकाश रहता है अर्थात सभी बंद रहते हैं.
हालांकि यहाँ यह ध्यान देने योग्य यह भी है कि राज्य सरकार द्वारा घोषित हर गजटेड अवकाश प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश अर्थात पब्लिक हॉलिडे नहीं होता. पब्लिक हॉलिडे, जिसे बैंक हॉलिडे भी कहा जाता है को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट- (एन.आई.ए.) अधिनियम , 1881 की धारा 25 के प्रावधान के अंतर्गत घोषित एवं अधिसूचित किया जाता है. सितम्बर, 2015 में जब मोदी सरकार द्वारा देश के सभी बैंको में हर माह दूसरे और चौथे शनिवार को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई थी, तब 1881 कानून की धारा 25 में केंद्र सरकार द्वारा ही नोटिफिकेशन जारी हुआ था.
बहरहाल, सोमवार 9 नवम्बर विश्वकर्मा दिवस पर केंद्र सरकार द्वारा घोषित सरकारी अवकाश नहीं है, इसलिए हरियाणा प्रदेश में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय, बोर्ड-निगम आदि जैसे पोस्ट-ऑफिस (डाक-घर), इनकम –टैक्स, बी.एस.एन.एल. आदि के कार्यालयों सामान्य दिनों की तरह खुले करेंगे. बेशक 9 नवम्बर को विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य पर केंद्र सरकार द्वारा गवर्नमेंट हॉलिडे अर्थात सरकारी छुट्टी घोषित नहीं है हालांकि इस दिन केंद्र सरकार में रिस्ट्रिक्टेड हॉलिडे (प्रतिबंधित अवकाश) अवश्य है अर्थात केंद्र सरकार का कर्मचारी अगर चाहे, तो रक्षाबंधन के दिन अपने उच्च (सक्षम) अधिकारी से पहले से स्वीकृत कराकर अवकाश ले सकता है परन्तु इस दिन केंद्र सरकार के कार्यालय में सामान्य अवकाश नहीं होगा.
