विशेष पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से पूरा करें अधिकारी : उपायुक्त महेंद्र पाल
हिसार, 24 जून।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य में लगे अमले के माध्यम से एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक 92 प्रतिशत से अधिक एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष फॉर्मों का वितरण भी शीघ्र पूरा किया जाए ताकि अभियान के अगले चरण को समय पर शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि अब फॉर्मों के संग्रहण (कलेक्शन) तथा उनके डिजिटाइजेशन का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त होने वाले सभी फॉर्मों का सही ढंग से सत्यापन और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
