सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी : एसडीएम
 

 
सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी : एसडीएम


झज्जर, 20 नवंबर।जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय परिसर में शुक्रवार को डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम रवि मीणा ने कहा कि  सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग गंभीरता से कार्य करें। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर तुरंत करवाएं सुधारात्मक कार्य
एसडीएम रवि मीणा ने कहा कि जिला में जिन स्थानों पर बार-बार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, उन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। ब्लाइंड मोड़, तीखे घुमाव, अवैध कट, झाड़ियों और पेड़ों की टहनियों से होने वाली रुकावटों को प्राथमिकता से दूर करवाया जाए। इसके साथ ही सड़कों पर रोड मार्किंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और चेतावनी संकेतक लगवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सर्दियों में कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में कोहरे का मौसम शुरू होने से पहले सभी प्रमुख सड़कों पर पर्याप्त रोशनी और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था पूरी की जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करें और कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करवाएं।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसेगा शिकंजा
एसडीएम ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि तेज गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, नशे में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करवाने के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।
स्कूलों में चलाएं जागरूकता अभियान, फील्ड निरीक्षण बढ़ाएं
एसडीएम रवि मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए और वहां मिली कमियों को बिना देरी दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-----