अधिकारी पीएम-अजय योजना के साथ पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के लिए करें विशेष प्रयास :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 
 अधिकारी पीएम-अजय योजना के साथ पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के लिए करें विशेष प्रयास :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, 27 जुलाई। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा पात्र व्यक्तियों को योजना से जुड़ने के लिए विशेष प्रयास करें।
सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के अंतर्गत जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन एवं अभिसरण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। समिति के समक्ष कुल 22 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गये, जिन्हें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत उपायुक्त ने सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए एक लाख से 6 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।
सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से योजना के बेहतर क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इस योजना की पात्रता शर्तों के संदर्भ में कहा कि योजना के प्रावधान के अनुसार प्रार्थी की पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक, प्रार्थी अनुसूचित जाति से संबंध रखता हो तथा प्रार्थी किसी बैंक का डिफाल्टर न हो। जिला कल्याण अधिकारी रेनू सिसोदिया ने सदस्य सचिव के रूप में एजेंडा रखा। बैठक में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला प्रबंधक डॉ. बिजेंद्र श्योराण ने विभिन्न 22 प्रस्ताव रखें, जिन्हें स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, सहायक जिला सूचना अधिकारी सपना के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।