समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : एसडीएम
बेरी, (झज्जर) 02 जुलाई। बेरी स्थित लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित उपमंडलीय समाधान शिविर में एसडीएम रेणुका नांदल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग शिकायतों के निस्तारण की अद्यतन रिपोर्ट भी समय-समय पर प्रस्तुत करें।
एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं समाधान शिविरों की निगरानी कर रहे हैं और उनके स्पष्ट निर्देश हैं कि जनता के प्रति अधिकारियों की जवाबदेही तय हो। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार माना जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से जनसेवा के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन को जल्द राहत मिले और समाधान शिविरों का उद्देश्य सफल हो, इसके लिए सभी विभाग गंभीरता से काम करें।
इस दौरान एसईपीओ सत्यवान अहलावत,पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ ऋषिपाल, बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला,एसडीई वीरेंद्र सिंह, जेई प्रवीण अहलावत, जेई अनिल कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
