लंबित शिकायतों की स्थिति स्पष्ट करें अधिकारी:- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
लंबित शिकायतों की स्थिति स्पष्ट करें अधिकारी:- उपायुक्त सतबीर सिंह


रोहतक, 19 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की अद्यतन स्थिति (स्टेटस रिपोर्ट) प्रस्तुत करें। उपायुक्त आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान आम नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई एवं निपटारा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि समाधान शिविरों में पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायत का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले नागरिकों को संतुष्ट करके भेजना ही हम सभी का प्रथम कर्तव्य है।
सतबीर सिंह ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका स्थायी समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तुरंत निपटान किया जाए। वहीं, जिन मामलों में संबंधित विभागों की कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें भी निर्धारित समयावधि के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि समाधान शिविर केवल शिकायतें सुनने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच हैं। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनकी प्रगति की नियमित निगरानी करें तथा प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी के अलावा भाजपा के प्रतिनिधि सतीश चौधरी एवं डॉ अंकुश बिड्डू उपस्थित रहे।