अधिकारी नागरिकों की हर शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करें निपटारा :- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
 अधिकारी नागरिकों की हर शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करें निपटारा:- उपायुक्त सतबीर सिंह

मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच के तहत आयोजित किये जा रहे समाधान शिविर

जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित किये गये शिविर, नागरिकों की सुनी गई समस्याएं

रोहतक, 

उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे समाधान शिविरों की हर शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध उचित निपटारा करें। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत हर सोमवार व वीरवार को यह शिविर आयोजित किये जा रहे है।
सतबीर सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन नागरिकों की हर समस्या के यथाशीघ्र निपटारे के प्रति कृतसंकल्प है। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिये गये है कि वे समाधान शिविर में प्राप्त हर शिकायत का निर्धारित अवधि में उचित निपटारा करवाये। अधिकारी नागरिकों की समस्या का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद भी अवश्य करें तथा उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें। नागरिक की संतुष्टि के उपरांत ही शिकायत का स्थायी निपटारा किया जाता है।
उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला तथा महम में समाधान शिविर आयोजित किये गये। इन शिविरों में उपमंडलाधीशों ने नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के निपटारे बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार एवं नगराधीश शुभम ने नागरिकों की समस्याएं सुनी।
उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने इंजीनियरिंग विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पूरी संवेदनशीलता के साथ जनहित के कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सड़क स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारी सुनिश्चित करें कि किसी भी सडक पर गड्डड्ढे न हों ताकि आम नागरिक की सुरक्षा हो सके। इसी तरह जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी यह सुनिश्चित करें कि शिविर के ढक्कन सड़क के समतल हो ताकि किसी वाहन चालक के लिए दुर्घटना का कारण न बने। उन्होंने कहा कि हर अधिकारी मानव जीवन के महत्व को ध्यान में रखते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
सांपला उपमंडल पर उपमंडलाधीश अंकिता पुवार तथा महम उपमंडल पर उपमंडलाधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किये गये, जिनमें नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह के हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। इन शिविरों में एक छत के नीचे नागरिकों की हर विभाग से संबंधित समस्या का समयबद्ध निदान किया जाता है।
जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित समाधान शिविरों में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे। जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चैधरी, डॉ. अंकुश बिड्डू एवं डॉ. अशोक रंगा उपस्थित रहे।