गुजरानी में गर्भवती महिलाओं को दी पोषण व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
भिवानी, 22 जुलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण अभियान के तहत गांव गुजरानी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में समुदाय आधारित कार्यक्रम (सीबीई) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं नवजात बच्चों को दूध पिलाने वाली माताओं को गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर अंजना ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार मां और शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को हरी पत्तेदार सब्जियाँ, दालें, दूध, फल तथा अंकुरित अनाज को नियमित भोजन में शामिल करने की सलाह दी।
उन्होंने फोलिक एसिड एवं आयरन (आईएफए) की गोलियों के नियमित सेवन के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य बना रहता है और एनीमिया जैसी गंभीर समस्या से बचाव होता है। इससे गर्भवती महिला स्वस्थ रहती है तथा शिशु का समुचित विकास सुनिश्चित होता है।
बैठक में महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, समय पर टीकाकरण करवाने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं एवं अन्य स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। उपस्थित महिलाओं ने दी गई स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी की सराहना करते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
