स्वस्थ बच्चा, सुदृढ़ राष्ट्र अभियान के तहत बाल कुपोषण पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन
सिरसा, 30 जुलाई।
राजकीय एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय में स्वस्थ बच्चा, सुदृढ़ राष्ट्र अभियान के तहत बाल कुपोषण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन को बच्चों के समुचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा कुपोषण की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. दहिया ने की तथा कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अधिवक्ता विनोद कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. भारत भूषण ने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े अधिकारों तथा समाज की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ एवं पोषित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों के समुचित पोषण, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा सरकार द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार और समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर कुपोषण जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. कुलदीप कुमार ने विशेष भूमिका निभाते हुए एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं को नुक्कड़ नाटक के विभिन्न पात्रों के लिए तैयार किया। किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़ ने संतुलित भोजन में शामिल सात रंगों के खाद्य पदार्थों के महत्व, फास्ट फूड से होने वाले दुष्प्रभाव तथा लोहे की कड़ाही में भोजन पकाने से मिलने वाले पोषण संबंधी लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
आईसीएनओ सीमा एवं अमित ने व्यक्तिगत स्वच्छता पर जोर देते हुए हाथों को सही तरीके से साफ रखने और संक्रमण से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि हाथों की नियमित सफाई अनेक संक्रामक रोगों से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम में मेट्रन गायत्री देवी, नेत्रदान काउंसलर राहुल शर्मा, एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता रानी, वीरपाल कौर, मोनिका तथा लॉर्ड शिवा स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
