माई भारत एनएसएस अवार्ड (2023-24) के नामांकन 11 दिसंबर तक किए जाएंगे स्वीकार-शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

 
माई भारत एनएसएस अवार्ड (2023-24) के नामांकन 11 दिसंबर तक किए जाएंगे स्वीकार-शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

चंडीगढ़, 20 नवंबर- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने जानकारी देते हुए बताया कि  वर्ष 2023-24 के माई भारत एनएसएस अवार्ड के लिए पात्र नामांकनों की हार्ड कॉपी 11 दिसंबर 2026 तक संबंधित निदेशालय में जमा करवाई जा सकती है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा ई-मेल से भेजे गए नामांकन भी मान्य नहीं होंगे।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि जिन कार्यक्रम समन्वयकों के क्षेत्राधिकार में 100 से अधिक एनएसएस इकाइयां हैं, वे अधिकतम 1 एनएसएस कोऑर्डिनेटर, 2 एनएसएस इकाइयां (कार्यक्रम अधिकारी सहित) तथा 2 पुरुष एवं 2 महिला स्वयंसेवकों के नामांकन भेज सकेंगे। वहीं, 100 से कम एनएसएस इकाइयों वाले क्षेत्राधिकार के कार्यक्रम समन्वयक अधिकतम 1 एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक, 1 एनएसएस इकाई (कार्यक्रम अधिकारी सहित) तथा 1 पुरुष एवं 1 महिला स्वयंसेवक का नामांकन श्रेणीबद्ध रूप में प्रस्तुत कर सकेंगे।

श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि निर्धारित सीमा से अधिक भेजे गए अतिरिक्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित समन्वयकों व संस्थानों से अपील की है कि वे समय रहते नियमों के अनुरूप नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करें ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों, अधिकारियों व स्वयंसेवकों को सम्मान का अवसर मिल सके।