विकास कार्यों में जवाबदेही और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : डी.एस. ढेसी
- प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी ने जल आपूर्ति परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता पर दिया जोर
डीएलपी कार्यों की नियमित निगरानी के लिए विभागीय अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
- प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी ने जल आपूर्ति लाइनों में लीकेज रोकने के लिए रखरखाव व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
- बुढ़िया नाला एनओसी और जल निकासी सुधार को लेकर विभागों को दिए गए निर्देश
- जल आपूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच के लिए निरीक्षण रिपोर्ट अनिवार्य
- शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में 13वीं अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित
फरीदाबाद, 5 अगस्त।
शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी की अध्यक्षता में आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला फरीदाबाद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर डिविज़नल कमिश्नर संजय जून, सीईओ एफएमडीए पी सी मीणा, डीसी आयुष सिन्हा, एचएसवीपी एडमिनिस्ट्रेटर धीरज और अन्य संबंधित विभागों व एजेंसी के अधिकारियों के साथ 13वीं अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं, बजटीय प्रावधानों तथा भूमि प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मानसून के शेष दिनों में पौधारोपण कार्य तेज करने के प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी ने दिए निर्देश
शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी ने फरीदाबाद में प्रस्तावित हरित पट्टी एवं पौधारोपण कार्यों की समीक्षा की समीक्षा की। सेक्टर-59 फरीदाबाद में प्रस्तावित हरित पट्टी एवं पौधारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को प्राधिकरण से स्वीकृति मिल चुकी है। इसमें हरित विकास, प्राकृतिक ट्रेल, ओपन जिम, पार्क तथा पौधारोपण संबंधी कार्य शामिल हैं। इस परियोजना को दो चरणों में लागू किया जा रहा है तथा पहले चरण के लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वित्तीय वार्ता अंतिम चरण में है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि नहर के साथ लगने वाले कठिन क्षेत्र में पौधारोपण, वॉल निर्माण तथा अवैध आवाजाही रोकने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। इसके अतिरिक्त बीपीटी पुल से 14-17 रोड तक लगभग 12 से 13 एकड़ क्षेत्र में बड़े टाउन पार्क के विकास की योजना भी प्रस्तुत की गई। डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि मानसून के शेष 30 से 45 दिनों का पूरा लाभ उठाते हुए पौधारोपण कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए ताकि हरित विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
- प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी ने जल आपूर्ति परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता पर दिया जोर
शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी ने रेनीवेल एवं बूस्टरिंग स्टेशन परियोजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि 20 एमएलडी क्षमता वाली जल आपूर्ति प्रणाली में वर्तमान में लगभग 15 एमएलडी पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है तथा नई लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। कुछ यूनिटों का कमीशनिंग कार्य पूरा हो चुका है जबकि शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीएलपी कार्यों की नियमित निगरानी के लिए विभागीय अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
सड़क एवं आधारभूत ढांचा परियोजनाओं के संबंध में डी.एस. ढेसी ने डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड (DLP) की व्यवस्था को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में जारी सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार प्रत्येक डीएलपी कार्य का प्रत्येक माह निरीक्षण किया जाना आवश्यक है तथा निरीक्षण रिपोर्ट संबंधित कार्यकारी अभियंता कार्यालय को भेजी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ठेकेदार के भरोसे रखरखाव नहीं छोड़ा जा सकता और विभागीय अधिकारियों की नियमित निगरानी अनिवार्य होगी।
प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी ने जल आपूर्ति लाइनों में लीकेज रोकने के लिए रखरखाव व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
जनस्वास्थ्य एवं सीवरेज परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी ने मास्टर सीवर लाइन, जल आपूर्ति लाइनों में लीकेज, वितरण नेटवर्क तथा रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि नई परियोजनाओं में 25 प्रतिशत भुगतान को सुरक्षा एवं प्रदर्शन अवधि से जोड़ने की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
एफएमडीए द्वारा प्रस्तुत शिकायत निवारण रिपोर्ट में बताया गया कि विभिन्न विभागों से संबंधित 5500 से अधिक शिकायतों में से लगभग 80 प्रतिशत का निस्तारण किया जा चुका है और शेष शिकायतों पर कार्यवाही जारी है। डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि जलभराव, सड़क क्षति, लीकेज तथा सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और पुनः खुलने वाली शिकायतों की अलग से निगरानी की जाए।
बुढ़िया नाला एनओसी और जल निकासी सुधार को लेकर विभागों को दिए गए निर्देश
शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी ने सिंचाई विभाग से बुढ़िया नाला से संबंधित लंबित एनओसी, जल निकासी सुधार, जल संरक्षण तथा सरकारी भूमि पर जल निकाय विकसित करने के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। इसके अतिरिक्त दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़े संभावित संपर्क मार्गों एवं शहरी पहुंच मार्गों के विकास पर प्रारंभिक स्तर पर चर्चा हुई।
जल आपूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच के लिए निरीक्षण रिपोर्ट अनिवार्य
डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि सितंबर माह की अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी डीएलपी सड़कों, जल आपूर्ति तथा सीवरेज परियोजनाओं का कम से कम एक विस्तृत निरीक्षण अवश्य किया जाए। प्रत्येक निरीक्षण की रिपोर्ट में पाई गई कमियां, की गई सुधारात्मक कार्रवाई तथा लंबित कार्यों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
