NIA ने पंजाब और हरियाणा के कई ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी, आतंकवादी शाहजाद भट्टी से जुड़ा मामला
भट्टी के सहयोगियों की तलाश पर फोकस
मंगलवार की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शाहजाद भट्टी के सहयोगियों और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना था। जांच एजेंसी पहले ही कई मामलों में भट्टी की भूमिका सामने ला चुकी है। एनआईए की जांच में पता चला है कि मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के पीछे शाहजाद भट्टी का हाथ था। इस मामले में अप्रैल 2026 में एनआईए ने भट्टी और एक अन्य आरोपी के खिलाफ भगोड़ा घोषित करते हुए आरोप पत्र दाखिल किया था।
सिरसा और अंबाला धमाकों का भी मास्टरमाइंड
जांच में यह भी सामने आया है कि नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा महिला थाना परिसर में हुए विस्फोट और जनवरी 2026 में अंबाला के बलदेव नगर थाना में हुए बम धमाके की साजिश भी शाहजाद भट्टी ने रची थी। सिरसा मामले में एनआईए मई 2026 में नौ लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिनमें शाहजाद भट्टी और पाकिस्तान स्थित एक अन्य हैंडलर सोहेल अहमद भी शामिल हैं। वहीं, अंबाला के बलदेव नगर थाना में हुए कार बम विस्फोट मामले में गिरफ्तार एक आरोपी के भट्टी के साथ सीधे संपर्क में होने की पुष्टि हुई थी। एनआईए का कहना है कि छापेमारी के दौरान जुटाए गए साक्ष्य आतंक-गैंगस्टर गठजोड़ के पूरे नेटवर्क और उसके विदेशी कनेक्शन का खुलासा करने में मदद करेंगे।
